किसी भी स्थिति में शांति एवं कानून व्यवस्था से समझौता नहीं कलेक्टर प्रियंक मिश्र

धार । बसंत पंचमी उत्सव को दृष्टिगत रखते हुए शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए प्रशासन द्वारा व्यापक एवं पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। जिले में सुरक्षा की दृष्टि से चाक-चौबंद व्यवस्था की गई है तथा पर्याप्त संख्या में पुलिस बल की तैनाती की गई है। कानून व्यवस्था बनाए रखने हेतु विभिन्न स्थानों पर कार्यपालिक मजिस्ट्रेट भी तैनात किए गए हैं, ताकि किसी भी स्थिति पर त्वरित नियंत्रण किया जा सके। संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष निगरानी रखी जा रही है और पुलिस द्वारा लगातार गश्त की जा रही है। पुलिस द्वारा लगातार क्षेत्र में फ्लेग मार्च भी किया जा रहा है। जिला प्रशासन ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे किसी भी प्रकार की अफवाहों एवं भ्रामक सूचनाओं पर ध्यान न दें और शांति बनाए रखने में सहयोग करें। कलेक्टर एवं जिला दण्डाधिकारी श्री प्रियंक मिश्र ने स्पष्ट किया है कि किसी भी स्थिति में शांति एवं कानून व्यवस्था से समझौता नहीं किया जाएगा।

कानून व्यवस्था बिगाड़ने वालों के विरुद्ध होगी….सख्त कार्रवाई…..

साथ ही यह भी चेतावनी दी गई है कि शांति भंग करने अथवा कानून व्यवस्था बिगाड़ने वालों के विरुद्ध सख्त एवं प्रभावी कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन पूरी तरह सतर्क है और हर परिस्थिति से निपटने के लिए तैयार है। वरिष्ठ अधिकारियों द्वारा स्थिति पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। धार में शांति एवं कानून व्यवस्था तथा साम्प्रदायिक सौहार्द बनाये रखने के उद्देश्य से भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता 2023 की धारा 163 के अंतर्गत अनेक प्रतिबंधात्मक आदेश जारी किए गए हैं।

300 मीटर परिधि में नो-फ्लाई जोन घोषित

जिला प्रशासन ने भोजशाला क्षेत्र में बसंत पंचमी पर 300 मीटर परिधि में नो-फ्लाई जोन घोषित किया है। निर्धारित क्षेत्र में किसी भी प्रकार की उड़ान गतिविधि जैसे ड्रोन, पैराग्लाइडिंग, हॉट एयर बैलून, अनमैन्ड एरियल व्हीकल (UAV) अथवा अन्य किसी भी प्रकार की उड़ने वाली वस्तु का संचालन पूर्णतः प्रतिबंधित रहेगा। इसी तरह सार्वजनिक सड़कों व स्थलों पर भवन निर्माण सामग्री, मलबा, टायर एवं लावारिस गुमटियां रखने पर भी प्रतिबंध लगाया गया है। इसी प्रकार बसंत पंचमी आयोजन को लेकर प्रिंटिंग प्रेसों के लिए संयमित भाषा उपयोग संबंधी प्रतिबंधात्मक आदेश भी जारी किया गया है। इसके अनुसार धार नगर के सभी प्रिंटिंग प्रेस मालिक/प्रोप्रायटर बसंत पंचमी आयोजन से संबंधित विज्ञापन, होर्डिंग्स, बैनर, पोस्टर, फ्लेक्स, झण्डे एवं अन्य प्रचार-प्रसार सामग्री में संयमित एवं मर्यादित भाषा का ही उपयोग किया जाए। किसी भी धर्मावलंबी अथवा समुदाय के प्रति उत्तेजक, भड़काऊ या आपत्तिजनक सामग्री का प्रकाशन पूर्णतः प्रतिबंधित रहेगा।

भोजशाला में प्रवेश करते समय….. क्या ले जाएं और क्या नहीं ले जाएं……..

भोजशाला में प्रवेश करने वाले व्यक्ति पूजन सामग्री, अक्षत एवं फूल के अतिरिक्त अन्य कोई सामग्री (जैसे मोबाइल फोन, बैग, कैमरा, पानी की बोतल आदि) बिना सक्षम अनुमति के अपने साथ नहीं ले जा सकेंगे। कोई भी व्यक्ति घातक हथियार जैसे चाकू, छुरा, बल्लम, तलवार, लाठी तथा आग्नेय शस्त्र (एम.एल. गन, 12 बोर, 315 बोर, एन.पी. बोर पिस्टल/रिवॉल्वर आदि) अपने साथ लेकर नहीं चल सकेंगे। विस्फोटक पदार्थ जैसे हथगोला, बम आदि साथ लेकर चलने पर भी प्रतिबंध रहेगा।

केन एवं बोतलों में भी नहीं मिलेगा….. डीजल पेट्रोल

पेट्रोलियम पदार्थ (पेट्रोल/डीजल/केरोसिन आदि) का बोतल, कैन अथवा खुले रूप में विक्रय भी प्रतिबंधित रहेगा। समाचार पत्रों, इलेक्ट्रॉनिक मीडिया, सोशल मीडिया, व्हाट्सएप, फेसबुक अथवा अन्य किसी माध्यम से धार्मिक उन्माद फैलाने वाली सामग्री का प्रसारण एवं प्रचार-प्रसार प्रतिबंधित रहेगा।

40 करोड़ रुपये से अधिक का…….बाउंड ओवर करवाया गया।

जिले में पेट्रोल-डीजल के अवैध विक्रय की रोकथाम हेतु सघन जांच अभियान चलाया जा रहा है। बसंत पंचमी के अवसर पर मदिरा का क्रय-विक्रय भी प्रतिबंधित किया गया। धार में शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य- से अपराधिक प्रवृत्ति के व्यक्तियों के विरूद्ध लगातार कार्रवाई भी की जा रही है। अभी तक 4526 लोगों से तक़रीबन 40 करोड़ रुपये से अधिक का बाउंड ओवर करवाया गया है।

सुरक्षा व्यवस्था को लेकर…. लगातार चल रही बैठकें…..

पुलिस अधीक्षक श्री मंयक अवस्थी ने बताया कि धार में शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने तथा साम्प्रदायिक सौहार्द का वातावरण कायम रखने के लिए आपसी संवाद का दौर लगातार जारी है। क्षेत्र में नागरिकों के साथ जिला प्रशासन और पुलिस द्वारा लगातार बैठकें आयोजित की गई है। अभी तक मोहल्ला समिति की 31 बैठकें एवं मुस्लिम समुदाय के साथ कुल 21 बैठक ली जा चुकी हैं।

बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात…..

क्षेत्र में सुरक्षा के माकूल इंतजाम किए गए है। चौकस निगरानी रखी जा रही है। धार में 6461 पुलिस अधिकारियों और कर्मियों का  बल प्राप्त हुआ है। इसमें पुलिस अधीक्षक स्तर के 13, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक स्तर के 25, उप पुलिस अधीक्षक/नगर पुलिस अधीक्षक स्तर के 67, नगर निरीक्षक स्तर के 107, उपनिरीक्षक/सहायक उपनिरीक्षक स्तर के 393, प्रधान आरक्षक/आरक्षक स्तर के 4375 अधिकारी/कर्मी तैनात किए गए हैं। क्षेत्र में कुल 933 महिला बल भी तैनात है। कुल 08 आरएएफ प्लाटुन की तैनाती भी की गई है। इसके साथ ही लगभग डेढ़ से दो हजार और पुलिस अधिकारी-कर्मचारियों का आना शेष है।

आईजी अनुराग सिंह ने लिया जायजा….

ऐतिहासिक भोजशाला परिसर में सुरक्षा एवं कानून व्यवस्था को लेकर प्रशासन पूरी तरह सतर्क एवं अलर्ट मोड पर है। इसी क्रम में इंदौर रेंज के पुलिस महानिरीक्षक (आईजी) अनुराग सिंह द्वारा भोजशाला परिसर में की गई सुरक्षा व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया गया। आईजी अनुराग सिंह ने परिसर में तैनात पुलिस बल, प्रवेश-निकास व्यवस्था, बैरिकेडिंग, सीसीटीवी कैमरे, कंट्रोल रूम तथा अन्य सुरक्षा इंतजामों का अवलोकन किया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि किसी भी स्थिति में कानून व्यवस्था प्रभावित न हो, इसके लिए सतत निगरानी की जाए। ड्रोन एवं सीसीटीवी के माध्यम से की जा रही निगरानी की समीक्षा की गई।

You cannot copy content of this page