मुख्य सचिव ने कन्या आवासीय परिसर एवं मेडिकल कॉलेज निर्माण स्थल का किया निरीक्षण….

धार । वर्तमान मध्य प्रदेश सरकार के प्रति आम जनता के विश्वास को बनाए रखने के लिए सरकार द्वारा मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान 2026 चलाया जा रहा है । इसी संदर्भ में आज प्रदेश सरकार के मुख्यसचिव अशोक बर्णवाल धार आये। उन्होंने यहां निरीक्षण के दौरान अधिकारियों को महत्वपूर्ण कड़े निर्देश दिए ।

बर्णवाल ने निरीक्षण के दौरान निर्देश देते हुए कहा कि..बालिकाओं के सर्वांगीण विकास के लिए खेल एवं सांस्कृतिक गतिविधियां भी करवाई जाये। मेडिकल कॉलेज भवन का निर्माण कार्य तीव्र गति से किया जाए एवं समय-सीमा में काम पूर्ण किया जाए। उनके साथ सचिव मुख्यमंत्री मध्य प्रदेश शासन डॉ सुदाम खाडे भी उपस्थित रहे। मुख्य सचिव श्री बर्णवाल ने धार जिला मुख्यालय पर संचालित कन्या आवासीय परिसर के निरीक्षण के दौरान उन्होंने अध्ययनरत बालिकाओं से आत्मीय संवाद कर उनकी पढ़ाई, परिसर में संचालित गतिविधियों तथा भविष्य की योजनाओं के संबंध में जानकारी ली।

मुख्य सचिव
बर्णवाल ने कक्षा 12वीं कला संकाय की बालिकाओं से इतिहास विषय से संबंधित प्रश्न पूछकर उनके अध्ययन स्तर की जानकारी ली। वहीं गणित विषय की बालिकाओं से पढ़ाई के संबंध में चर्चा की तथा उनसे पूछा कि वे भविष्य में क्या बनना चाहती हैं।

बालिकाओं ने मुख्य सचिव से पूछी… मन की बात


बालिकाओं ने भी प्रमुख सचिव से आत्मीयता से संवाद करते हुए उनके प्रशासनिक सेवाओं में आने से लेकर मुख्य सचिव बनने तक के सफर के बारे में जानकारी प्राप्त की।
उन्होंने परिसर में स्थित भौतिक विज्ञान प्रयोगशाला, कम्प्यूटर प्रयोगशाला, संचालित कक्षाओं का निरीक्षण करते हुए सभी बालिकाओं को नियमित रूप से प्रायोगिक कार्य (प्रैक्टिकल) करवाने के निर्देश शिक्षकों को दिए। उन्होंने बालिकाओं से परिसर में आयोजित होने वाले सांस्कृतिक कार्यक्रमों, खेल गतिविधियों एवं अन्य सह-पाठ्यक्रम गतिविधियों की जानकारी भी ली। मुख्य सचिव ने कहा कि बालिकाओं के सर्वांगीण विकास के लिए पढ़ाई के साथ खेल एवं सांस्कृतिक गतिविधियों को भी नियमित रूप से बढ़ावा दिया जाए। उन्होंने कलेक्टर को बालिकाओं के लिए आवश्यक खेल सामग्री उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।

मेडिकल कॉलेज के निर्माण की गति को लेकर मुख्य सचिव हुए नाराज..

25 एकड़ में 267 करोड़ की लागत से बन रहे मेडिकल कॉलेज के निर्माण कार्य की धीमी गति को लेकर मुख्य सचिव श्री बर्णवाल ने नाराजगी व्यक्त करते हुए कार्य को तीव्र गति से प्रारंभ कराने तथा निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण करने के निर्देश दिए। गौरतलब है कि 25 एकड़ भूमि में लगभग 267 करोड़ रुपये की लागत से मेडिकल कॉलेज, अस्पताल, हॉस्टल एवं स्टाफ क्वार्टर का निर्माण किया जा रहा है। मेडिकल कॉलेज परिसर का निर्माण पांच ब्लॉकों में किया जा रहा है। इसमें छह मंजिला कॉलेज भवन, सात मंजिला अस्पताल तथा नौ मंजिला हॉस्टल एवं स्टाफ क्वार्टर का निर्माण प्रस्तावित है।

निरीक्षण के दौरान उनके साथ कलेक्टर राजीव रंजन मीना, पुलिस अधीक्षक सचिन शर्मा, सहायक आयुक्त जनजातीय कार्य विभाग श्रीमती पारूल व्यास जैन, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ अनिता सिंगारे सहित प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित थे।

You cannot copy content of this page